February 10, 2026
उत्तराखंड

बर्फबारी के बाद पर्यटकों से गुलजार हुई औली, प्रकृति के नजारों का सैलानी उठा रहे लुत्फ..

बर्फबारी के बाद पर्यटकों से गुलजार हुई औली, प्रकृति के नजारों का सैलानी उठा रहे लुत्फ..

 

 

उत्तराखंड: हालिया बर्फबारी के बाद औली एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार नजर आ रहा है। चारों ओर फैली बर्फ की मोटी सफेद चादर ने औली की वादियों को किसी स्वर्गिक दृश्य में बदल दिया है। बर्फबारी थमते ही बड़ी संख्या में देश के विभिन्न राज्यों से पर्यटक औली पहुंच रहे हैं और यहां के मनोरम नजारों का भरपूर आनंद ले रहे हैं। औली में इस समय स्कीइंग स्लोप पर जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। पर्यटक बर्फ में स्कीइंग सीखते नजर आ रहे हैं, तो कई सैलानी बर्फ से खेलते हुए फोटो और वीडियो बनाकर इस पल को यादगार बना रहे हैं। बर्फ से ढकी पहाड़ियां, देवदार के जंगल और चमकती धूप औली की खूबसूरती में चार चांद लगा रहे हैं। यहां का नजारा देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो रहा है। पर्यटकों का कहना है कि औली की ठंड और बर्फ का अनुभव बेहद खास है। कई सैलानियों ने कहा कि वे पहली बार बर्फ में स्कीइंग कर रहे हैं और यह अनुभव उनके लिए यादगार बन गया है। मौसम साफ होने पर धूप खिलने से औली की सुंदरता और भी निखरकर सामने आ रही है।

मौसम विभाग का अलर्ट, फिर हो सकती है बारिश और बर्फबारी..

मौसम विभाग ने एक बार फिर 31 जनवरी और 1 फरवरी को पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इस पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सड़क मार्गों को सुचारु रखने के लिए मशीनरी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं, ताकि बर्फबारी के बाद यातायात जल्द बहाल किया जा सके। हालांकि बर्फबारी के बाद औली पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, लेकिन जोशीमठ से करीब 4 किलोमीटर दूर सुनील से औली तक सड़क मार्ग पर पाले और जमी बर्फ के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे पर्यटकों को औली पहुंचने में देरी हो रही है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि सड़क पूरी तरह साफ न होने से परेशानी बढ़ रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से मार्ग खोलने के प्रयास जारी हैं, लेकिन मौसम के लगातार बदलते मिजाज के कारण चुनौतियां बनी हुई हैं।

पर्यटन कारोबार में लौटी रौनक..

बर्फबारी के बाद औली में पर्यटकों की बढ़ती आमद से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों और होटल कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। होटल, होमस्टे और टैक्सी संचालकों को अच्छी बुकिंग मिल रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में फिर बर्फबारी होती है, तो औली में पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है। स्कीइंग के लिए विश्व प्रसिद्ध हिम क्रीड़ा स्थल औली इन दिनों सर्दियों के मौसम में अपने चरम सौंदर्य पर है। आने वाले दिनों में मौसम ने साथ दिया तो औली एक बार फिर सर्दियों के पर्यटन का सबसे बड़ा आकर्षण बना रहेगा।

 

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field
    Choose Image
    Choose Video

    X