वैली ब्रिज बहने के बाद वैकल्पिक रास्ता तैयार, तमक नाले से आवाजाही शुरू..
उत्तराखंड: नीती घाटी में भारी बारिश के बाद तमक नाला उफान पर आने से बहा वैली ब्रिज अब भी क्षेत्र में चुनौती बना हुआ है। हालांकि जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी है। तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मोटर मार्ग तैयार किया गया है। मार्ग तैयार होने के बाद इस रास्ते से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। सड़क संपर्क बहाल करने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर लगातार काम करती रहीं। युद्धस्तर पर किए गए कार्य के बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य किया गया।
लापता व्यक्ति की तलाश में रेस्क्यू अभियान
वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद से लापता एक व्यक्ति की तलाश अभी जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन में जिला प्रशासन और पुलिस के साथ भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सीमा सड़क संगठन की टीमें जुटी हैं। संयुक्त टीमें तमक नाले और आसपास के संभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति और नाले के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। खराब मौसम और तेज बहाव को देखते हुए रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है।जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अस्थायी मार्ग से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन के मुताबिक मौसम में बदलाव और तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए मार्ग पर आवागमन के दौरान सतर्क रहना जरूरी है। मौके पर तैनात टीमों को परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

