बनबसा रेलवे स्टेशन को बड़ी सौगात, अब यहां रुकेगी अमृतसर–टनकपुर एक्सप्रेस..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र के लोगों के लिए रेलवे से जुड़ी एक महत्वपूर्ण राहत की खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने बनबसा रेलवे स्टेशन पर 15093/15094 अमृतसर–टनकपुर एक्सप्रेस के नियमित ठहराव को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से चंपावत जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को रेल यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा इस ट्रेन के ठहराव की मांग की जा रही थी, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
जानकारी के अनुसार सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के नियमित ठहराव का अनुरोध केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से किया था। सीएम के अनुरोध पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए रेल मंत्रालय ने अमृतसर–टनकपुर एक्सप्रेस को बनबसा स्टेशन पर नियमित रूप से रोकने की अनुमति प्रदान कर दी है। इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर निर्णय की जानकारी भी दी है। सरकार का मानना है कि इस फैसले से सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से चंपावत और आसपास के इलाकों के यात्रियों को अब लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त सफर नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला सीमांत क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।मुख्यमंत्री के अनुसार इस ट्रेन के ठहराव से व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, सैनिक परिवारों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विशेष सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बनबसा रेलवे स्टेशन कुमाऊँ क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है और यहां अमृतसर–टनकपुर एक्सप्रेस के ठहराव से पूरे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी पहले से अधिक मजबूत होगी। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों को देश के अन्य राज्यों से बेहतर रेल संपर्क मिलेगा, जिससे सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस निर्णय से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि सीमांत क्षेत्र के विकास और पर्यटन को भी लाभ होगा। बनबसा उत्तराखंड और नेपाल सीमा के निकट स्थित होने के कारण यहां रेल सेवाओं का विस्तार क्षेत्रीय विकास के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेल मंत्रालय के इस फैसले को कुमाऊँ क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में क्षेत्र की रेल सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।

