October 27, 2026
उत्तराखंड

पौड़ी शहर को मिलेगी पार्किंग की सौगात, 300 गाड़ियों की क्षमता वाली परियोजना पर जोर..

पौड़ी शहर को मिलेगी पार्किंग की सौगात, 300 गाड़ियों की क्षमता वाली परियोजना पर जोर..

 

उत्तराखंड: शहर में बढ़ती यातायात समस्या से निपटने और पार्किंग की कमी दूर करने के लिए विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है। इसी कड़ी में आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश ने सोमवार को पौड़ी में निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।सीएम धामी के निर्देशों के तहत शहर में पार्किंग सुविधाओं के विस्तार के साथ ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर भी काम किया जा रहा है।

एक महीने में तैयार होगी 30 वाहनों की पार्किंग
निरीक्षण के दौरान सचिव ने अपर चोपड़ा में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत बनाई जा रही पार्किंग का जायजा लिया। इस पार्किंग में एक साथ 30 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों को इसका निर्माण एक महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद सचिव ने गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के समीप बनी 70 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निरीक्षण किया और संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

300 वाहनों के लिए बनेगी बहुमंजिला पार्किंग
पौड़ी के पावर हाउस क्षेत्र में 300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग विकसित करने की योजना है। सचिव ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को परियोजना की लागत का दोबारा आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर जल्द शासन को भेजी जाए, ताकि परियोजना से संबंधित आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके। इस पार्किंग के निर्माण से शहर में वाहनों को खड़ा करने के लिए अतिरिक्त जगह उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

हेरिटेज संग्रहालय और वीर भूमि स्थल के काम में तेजी के निर्देश
पार्किंग परियोजनाओं के साथ सचिव ने निर्माणाधीन हेरिटेज संग्रहालय और वीर भूमि स्थल के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने दोनों परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। इसके अलावा सर्किट हाउस स्थित गेस्ट हाउस का पहाड़ी वास्तुशैली में नवीनीकरण करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। हेरिटेज संग्रहालय में सजावट और अन्य जरूरी कार्यों से संबंधित प्रस्ताव भी जल्द शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

पार्किंग बढ़ने से शहर की यातायात व्यवस्था को मिलेगी मदद
पौड़ी में छोटी पार्किंग सुविधाओं के विकास के साथ बहुमंजिला पार्किंग बनाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर में पार्किंग की उपलब्धता बढ़ाना और सड़कों पर वाहनों के दबाव को कम करना है। वहीं, हेरिटेज संग्रहालय और ऐतिहासिक भवनों के विकास से शहर की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एल.पी. भट्ट, डीडीए के अवर अभियंता रणवीर सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

    Leave feedback about this

    • Quality
    • Price
    • Service

    PROS

    +
    Add Field

    CONS

    +
    Add Field

    X