उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जारी किया 370 पदों का चयन परिणाम..
उत्तराखंड: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय के अंतर्गत अनुदेशक संवर्ग के 370 पदों पर भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने के बाद प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और प्रशिक्षण केंद्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 20 नवंबर से 14 दिसंबर 2024 के बीच आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत एनसीआईसी प्रमाणपत्रों और अन्य दस्तावेजों की जांच के आधार पर चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। आयोग ने पूरी प्रक्रिया को दो चरणों में पूरा किया।
पहले चरण में कुल 334 अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन के लिए बुलाया गया था। इसके बाद 29 अप्रैल 2026 को श्रेणीवार और उपश्रेणीवार औपबंधिक श्रेष्ठता सूची आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित की गई। चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 5 मई से 7 मई 2026 तक आयोग कार्यालय में कराया गया। हालांकि कई ट्रेडों में निर्धारित योग्यता वाले पर्याप्त अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण सभी पदों को भर पाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद आयोग ने रिक्त पदों को भरने के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू की। दूसरे चरण में न्यूनतम अर्हक अंकों तक कुल 168 अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई, जिनका अभिलेख सत्यापन 18 मई 2026 को कराया गया।
दोनों चरणों की जांच और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने पात्र पाए गए अभ्यर्थियों का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। चयनित अभ्यर्थियों की श्रेणीवार सूची और प्रवीणता सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। आयोग के अनुसार चयनित उम्मीदवारों की संस्तुति नियुक्ति विभाग को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई है। अभ्यर्थियों से प्राप्त ऑनलाइन दस्तावेजों, प्रत्यावेदनों और एनसीआईसी प्रमाणपत्रों की विस्तृत जांच के बाद ही अंतिम सूची तैयार की गई है। प्रदेश में तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास संस्थानों में लंबे समय से अनुदेशकों के कई पद रिक्त चल रहे थे, जिससे प्रशिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। ऐसे में इस भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने से विभागीय कार्यों में सुधार और प्रशिक्षण संस्थानों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। यूकेएसएसएससी द्वारा हाल के महीनों में विभिन्न विभागों की लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है। अनुदेशक भर्ती भी उन्हीं महत्वपूर्ण भर्तियों में शामिल थी, जिसका अभ्यर्थी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे चयन परिणाम और अन्य अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।


Leave feedback about this